वाराणसी। वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने नागरिकों को अधिक पारदर्शी, सरल और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ऑनलाइन वीडीए कंपाउंडिंग सिस्टम (OVCS) का शुभारंभ किया। मंगलवार को प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री पुर्ण बोरा ने इस नई डिजिटल व्यवस्था का उद्घाटन किया।
अब तक कंपाउंडिंग से जुड़े प्रकरणों की फाइलें ऑफलाइन जमा होती थीं, जिससे उनकी प्रगति की निगरानी और ट्रैकिंग में कठिनाई आती थी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद भवन स्वामी और आर्किटेक्ट ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, आवश्यक दस्तावेज एवं ड्रॉइंग अपलोड करेंगे, ऑनलाइन शुल्क जमा करेंगे तथा आवेदन की रियल-टाइम स्थिति भी देख सकेंगे।
वीडीए ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने से अंतिम निर्णय तक कनिष्ठ अभियंता (JE) से लेकर उपाध्यक्ष (VC) स्तर तक प्रत्येक अधिकारी के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है। निर्धारित अवधि में या तो मानचित्र स्वीकृत किया जाएगा अथवा भवन उपविधियों के अनुसार आवश्यक आपत्तियां दर्ज की जाएंगी। इससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध बनेगी।
उपाध्यक्ष श्री पुर्ण बोरा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक भवन स्वामियों को मानचित्र स्वीकृति के लिए प्रेरित किया जाए तथा सभी निर्माण कार्य स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही कराए जाएं। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रणाली का उद्देश्य केवल प्रक्रियाओं का ऑनलाइनकरण नहीं, बल्कि नागरिकों को तेज, पारदर्शी और उत्तरदायी सेवाएं उपलब्ध कराना है।
बैठक में प्राधिकरण के सभी पांचों जोनों में मानचित्र स्वीकृति एवं कंपाउंडिंग से जुड़े स्वीकृत और लंबित प्रकरणों की समीक्षा भी की गई। उपाध्यक्ष ने फील्ड स्टाफ को नियमित निरीक्षण कर अवैध निर्माण रोकने के निर्देश दिए। साथ ही प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान आम एवं गरीब नागरिकों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में सहायक नगर नियोजक सौरभ जोशी, सभी जोनों के जोनल अधिकारी, एसोसिएट इंजीनियर्स, कनिष्ठ अभियंता, लिपिकगण एवं आईटी एक्सपर्ट दिनेश सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
