फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में आगामी स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 'हर घर तिरंगा अभियान' एवं तिरंगा यात्रा को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों ने भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया। कार्यशाला में सांसद संगम लाल गुप्ता, पूर्व प्रदेश मंत्री अनामिका चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष कुमार श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।मुख्य वक्ता सांसद संगम लाल गुप्ता ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और स्वाभिमान का जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारे वीर शहीदों के बलिदान, संविधान की गरिमा और भारत की अखंडता का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने घर, प्रतिष्ठान और कार्यालय पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी आस्था और सम्मान प्रकट करे। पूर्व प्रदेश मंत्री अनामिका चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान से शुरू हुआ यह अभियान आज पूरे देश में जनभागीदारी का महापर्व बन चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर संपर्क कर लोगों को तिरंगे के सम्मान, राष्ट्रप्रेम और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करें, ताकि जनपद का कोई भी घर तिरंगे से वंचित न रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर अभियान को सफल बनाएगा। तिरंगा यात्रा के माध्यम से युवाओं, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों को जोड़ते हुए राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान पूरे जनपद में उत्साह, अनुशासन और गरिमा के साथ संचालित किया जाएगा। कार्यशाला में अभियान संयोजक एवं जिला महामंत्री अजय वर्मा ने अभियान की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए तिरंगा यात्रा, घर-घर तिरंगा वितरण, बूथवार कार्यक्रम, जनसंपर्क अभियान एवं व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अभियान सह-संयोजक एवं युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अंशुमान सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं से पूरे समर्पण और उत्साह के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला महामंत्री राजेश सिंह, राजेश मिश्र 'राजन', अशोक श्रीवास्तव, प्रमिला शुक्ला सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि आगामी स्वतंत्रता दिवस पर जनपद के प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाकर 'हर घर तिरंगा अभियान' को राष्ट्रभक्ति का ऐतिहासिक जनआंदोलन बनाया जाएगा। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
