फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी वाराणसी।चौबेपुर थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर बाजार स्थित अभय क्लीनिक में प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो गई। मृतका चौबेपुर क्षेत्र के नेवादा गांव की रहने वाली बताई जा रही है। परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और विरोध में हाईवे पर जाम लगा दिया।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम महिला ने दो बच्चों को जन्म दिया था। प्रसव के बाद अचानक महिला की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल के बाहर हंगामा करते हुए हाईवे पर जाम लगा दिया।
जाम की सूचना मिलते ही चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा, चिरईगांव चौकी प्रभारी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। वहीं सारनाथ एसीपी विनय द्विवेदी भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर जाम खुलवाने का प्रयास किया।
एसीपी ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।लईक आफताब चौबेपुर फास्ट न्यूज़ इंडिया 151166686
