भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए सुबह से लगी भक्तों की लंबी कतार, कांवरियों की सुरक्षा व सेवा में जुटा पुलिस प्रशासन और मंदिर समिति
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। सावन माह के प्रथम सोमवार पर चिलबिला स्थित हनुमान मंदिर परिसर में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और कांवरियों की लंबी कतारें मंदिर में दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर भगवान शिव का अभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सावन के पावन अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। श्रद्धालुओं और कांवरियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मंदिर समिति के पदाधिकारी, हनुमान भक्त तथा पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ सेवा में जुटे रहे। सुरक्षा, यातायात और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल लगातार निगरानी करता रहा। मंदिर समिति के महासचिव एवं समाजसेवी रोशनलाल उमरवैश्य ने अपनी धर्मपत्नी एवं अन्य श्रद्धालुओं के साथ भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन कर महाआरती की तथा प्रदेश और देशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की। रोशनलाल उमरवैश्य ने बताया कि सावन भर चिलबिला हनुमान मंदिर परिसर में शिवभक्तों और कांवरियों की भारी भीड़ रहती है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी नगर तथा शहर कोतवाल ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा और सुविधाओं के समुचित प्रबंध के निर्देश दिए हैं। चौकी प्रभारी चिलबिला रोहित सिंह अपने पुलिस स्टाफ के साथ लगातार सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। कांवरियों के ठहरने, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष रामगोपाल उमरवैश्य, सुरेश अग्रवाल, सत्यप्रकाश केडिया, लालजी, सोनू महाराज, शनि महाराज, प्रमोद कुमार, छेदीलाल, देवानंद, संतोष कुमार, छोटेलाल सोनी, सूरज, आदर्श उमरवैश्य, सुरेश माली, पूनम गुप्ता, रेखा उमरवैश्य, सचिन, सनी गुप्ता, अमर जायसवाल, सिद्धार्थ, आशीष, अमन गुप्ता, विवेक कुमार सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं एवं मातृशक्ति ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
