वाराणसी । भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के आह्वान पर बैंक ऑफ बड़ौदा, वाराणसी अंचल द्वारा साइयन स्कूल, लहरतारा, वाराणसी में "GenZ Against Addiction – नशा मुक्त युवा, विकसित भारत" संकल्प अभियान का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ "नशा मुक्त भारत शपथ" के साथ हुआ, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं सहित सभी उपस्थित प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से नशा मुक्त भारत की शपथ ग्रहण की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों ने माननीय प्रधानमंत्री का संदेश सुना एवं नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर श्री मनोज कुमार बक्शी, उपमहाप्रबंधक (C & A) वाराणसी अंचल, श्री भारत भूषण, उपमहाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय प्रमुख, वाराणसी क्षेत्र तथा श्री आनंद लखमानी, उप क्षेत्रीय प्रमुख, वाराणसी क्षेत्र की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैंक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं तथा उनका स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन ही विकसित भारत की सुदृढ़ नींव है।
विद्यालय प्रबंधन ने बैंक ऑफ बड़ौदा के इस जन-जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, स्वस्थ जीवनशैली एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा "नशा मुक्त युवा – विकसित भारत" के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु सतत प्रयास करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ ।। रविन्द्र गुप्ता
