फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी बुलन्दशहर। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, उत्तर प्रदेश के प्रादेशिक मुख्यालय, लखनऊ के निर्देशन में जनपद संस्था बुलन्दशहर की जिला कार्यकारिणी बैठक शुक्रवार को स्काउट भवन, डी.ए.वी. तिराहा, बुलन्दशहर में जिला मुख्य आयुक्त डॉ. नरेश कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन जिला सचिव मुनीश कुमार ने किया।
बैठक में संगठन के प्रशासनिक, वित्तीय एवं विकासात्मक विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2025–26 की वार्षिक आख्या, वार्षिक आय-व्यय विवरण तथा वित्तीय वर्ष 2026–27 के अनुमानित बजट का प्रस्तुतीकरण एवं अनुमोदन किया गया। साथ ही प्रादेशिक मुख्यालय, लखनऊ से प्राप्त निर्देशों एवं आगामी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में भी विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में प्रदेश द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति, सदस्यता नवीनीकरण एवं नवीन पंजीकरण अभियान को गति देने, प्रशिक्षण गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने, प्रत्येक विद्यालय तक स्काउट-गाइड गतिविधियों का विस्तार करने तथा संगठनात्मक उत्तरदायित्वों के प्रभावी निर्वहन के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही आगामी जनपदीय कार्यक्रमों के सफल आयोजन एवं संस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं सक्रिय बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों से समन्वित रूप से कार्य करने का आह्वान किया गया।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में जिला मुख्य आयुक्त डॉ. नरेश कुमार शर्मा ने कहा कि स्काउटिंग का मूल उद्देश्य सेवा, संस्कार और नेतृत्व का विकास है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठन के उद्देश्यों के अनुरूप सक्रियता, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करते हुए प्रादेशिक मुख्यालय द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का आह्वान किया।
बैठक में डॉ. अनीता भारद्वाज (जिला कमिश्नर गाइड), मनोज कुमार (जिला कमिश्नर स्काउट), रमेश चन्द्र पाण्डेय (सह सचिव), मुनीश कुमार (जिला सचिव), ओमवीर सिंह (जिला कोषाध्यक्ष), राजकुमारी राठी (जिला आयुक्त बुलबुल), डॉ. सीमा रानी (जिला आयुक्त रेंजर), सत्येन्द्र कुमार मिश्रा (प्रतिनिधि, सहायक कमिश्नर स्काउट), राजबाला शर्मा (जिला संगठन आयुक्त गाइड), प्रमोद कुमार सिंह (हिमालय वुड बैज प्रतिनिधि), रमाकान्त वर्मा (जिला मुख्यालय आयुक्त), मुन्नीलाल (जिला आयुक्त एडल्ट रिसोर्स), डॉ. दीपमाला शर्मा (जिला प्रशिक्षण आयुक्त गाइड), गवेंद्र पाल सिंह (सहायक कमिश्नर स्काउट), विनोद कुमार शर्मा, सतीश कुमार (जिला आयुक्त), बिन्दु चौधरी (जिला आयुक्त एडल्ट रिसोर्स), प्रिया (जिला युवा समिति), नरेन्द्र कुमार शर्मा (सहायक आयुक्त स्काउट), रोहतास सिंह (हिमालय वुड बैज होल्डर), पवन कुमार राठी (जिला संगठन आयुक्त स्काउट) तथा प्रीत कुमार सैनी (जिला युवा समिति अध्यक्ष) सहित जिला कार्यकारिणी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में जिला सचिव मुनीश कुमार ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए आगामी कार्यक्रमों एवं प्रादेशिक मुख्यालय द्वारा निर्धारित दायित्वों के सफल क्रियान्वयन हेतु सभी से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया। रिपोर्ट - सुनील कुमार 151044 750
