फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी कासगंज l रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट कासगंज ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए रेलवे भूमि पर खड़े 55 बहुमूल्य यूकेलिप्टस (सफेदा) के वृक्षों की अवैध कटान के एक गंभीर मामले का अनावरण किया है। आर.पी. एफ ने मौके से लगभग रूपये 95,000 मूल्य के 187 लकड़ी के बोट बरामद किए हैं और आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है।
28 जुलाई 2026 को सूचना प्राप्त हुई थी कि DRO–PTI रेलखंड के मध्य (OHE पोल संख्या 199/12-13 के निकट) उत्तर दिशा में स्थित रेलवे भूमि पर लगे यूकेलिप्टस वृक्षों को अवैध रूप से काट दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए 29 जुलाई 2026 को आर.पी.एफ पोस्ट कमांडर/प्रभारी निरीक्षक कासगंज के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता तथा वरिष्ठ अनुभाग अभियंता, फतेहगढ़ की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया।
की-मैन (गैंग संख्या-38) नीरज पाल द्वारा दी गई लिखित तहरीर, रेलवे अधिकारियों द्वारा किए गए आधिकारिक सीमांकन एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर यह पुष्टि हुई कि किलोमीटर 199/560 (उत्तर दिशा) पर स्थित 55 यूकेलिप्टस वृक्षों को धारदार आरी से काटा गया था।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि रेलवे सीमा से सटे खेत के मालिक रामफल (65 वर्ष) पुत्र मटूरलाल यादव, निवासी ग्राम दिमरियाई, थाना पटियाली (जनपद कासगंज) द्वारा इन वृक्षों की अवैध कटान कराई गई थी। मौके से बरामद 187 बोटों का विधिवत मापन, सूचीकरण और जब्तीकरण किया गया।
उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आर.पी. एफ पोस्ट कासगंज में अभियुक्त रामफल के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 08/2026 (सरकार बनाम रामफल), धारा-3, रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम, 1966 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। मामले की अग्रिम विवेचना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार मीना द्वारा की जा रही है।
रेलवे सुरक्षा बल ने स्पष्ट किया है कि रेलवे की भूमि, वृक्ष और सभी संरचनाएं राष्ट्रीय धरोहर हैं। रेल संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, चोरी करने या अवैध कब्जा करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ बिना किसी रियायत के कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट संजय सिंह 151110060
