फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी बुलंदशहर। जहांगीराबाद में किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने राष्ट्रीय कृषि यंत्रीकरण मिशन के तहत अनुदान योजना शुरू की है। योजना के तहत किसान विभिन्न कृषि यंत्रों की खरीद पर 40 से 50 प्रतिशत तक अनुदान प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। किसान 10 अगस्त तक विभागीय पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।
योजना के तहत जिले के किसानों को करीब 80 प्रकार के कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ दिया जाएगा। इनमें ट्रैक्टर चालित, मानव चालित, पशु चालित तथा बैटरी और शक्ति चालित कृषि यंत्र शामिल हैं। रोटावेटर, मल्टीक्रॉप थ्रेसर, हैरो, कल्टीवेटर, कंबाइन हार्वेस्टर, सुपर एसएमएस, स्ट्रॉ रीपर, रीपर कम बाइंडर, लेजर लैंड लेवलर, सीड ड्रिल, पावर वीडर, पावर टिलर, स्ट्रॉ बेलर, हैप्पी सीडर, मिनी राइस मिल, ऑयल मिल, मिलेट मिल, ड्रोन और वेप कटर समेत कई कृषि यंत्रों को योजना में शामिल किया गया है।
इसके अलावा ट्रैक्टर माउंटेड स्प्रेयर, पंपिंग सेट, फार्म अवशेष प्रबंधन से जुड़े कस्टम हायरिंग सेंटर, सुपर एसएमएस, बेलर, रेक और श्रेडर सहित अन्य यंत्रों पर भी अनुदान दिया जाएगा। 10 हजार रुपये तक के अनुदान वाले कृषि यंत्रों के लिए 2,500 रुपये टोकन धनराशि जमा करनी होगी। वहीं, 10 हजार रुपये से अधिक अनुदान वाले यंत्रों के लिए 5,000 रुपये ऑनलाइन जमा करने होंगे।
लॉटरी से होगा चयन
ऑनलाइन आवेदन के बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय चयन समिति लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन करेगी। चयनित किसानों को निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद कृषि यंत्रों की खरीद पर अनुदान दिया जाएगा। इच्छुक किसान विभागीय पोर्टल पर कृषि यंत्र 2026-27 लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। रिपोर्ट - सुनील कुमार 151044 750
