फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। सई नदी तट स्थित सुगतानन्द बुद्ध विहार में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर धम्म चक्क प्रवर्तन दिवस श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने बोधिपूजा, बोधिवृक्ष की प्रदक्षिणा, आनापान ध्यान साधना, दीपदान तथा धम्म चक्क पवत्तन सुत्त का सामूहिक संगायन कर भगवान बुद्ध के उपदेशों का स्मरण किया। साथ ही वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भंते अश्वजित ने त्रिशरण, पंचशील ग्रहण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए राकेश कन्नौजिया ने कहा कि आषाढ़ पूर्णिमा के दिन भगवान बुद्ध ने सारनाथ के मृगदाव में पंचवर्गीय भिक्षुओं को अपना प्रथम धम्म उपदेश दिया था। इसी ऐतिहासिक घटना के कारण इस दिन को बौद्ध समाज धम्म चक्क प्रवर्तन दिवस और गुरु पूर्णिमा के रूप में मनाता है। अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ चिकित्सक एवं महोपासक डॉ. शिवमूर्तिलाल मौर्य ने वर्षावास के महत्व पर प्रकाश डाला। बुद्ध विहार के प्रबंधक श्रीराम उमरवैश्य ने पहली धम्म संगीति के ऐतिहासिक महत्व की जानकारी दी। एससी-एसटी टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश महामंत्री वेद प्रकाश सरोज ने वर्षावास कर रहे भिक्षु संघ के लिए दान की घोषणा की, जबकि अखिल भारतीय युवा कुशवाहा महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुशवाहा ने भारतीय संस्कृति में गुरु के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में डॉ. पुष्पलता मौर्य, डॉ. परितोष, जितेंद्र बहादुर यादव, दिनेश चौधरी, मोहित चौधरी, विनोद सरोज, प्रदीप सरोज, चंद्रकेश मौर्य, सूरज कनौजिया सहित बड़ी संख्या में उपासक एवं उपासिकाएं उपस्थित रहे। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
