पत्रकार वार्ता में अभियान की रूपरेखा जारी, इंटर कॉलेजों, महाविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों तक पहुंचेगा विद्यार्थी परिषद
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने नए शैक्षिक सत्र के लिए सदस्यता अभियान की शुरुआत करते हुए प्रतापगढ़ जिले में 31,365 विद्यार्थियों एवं 525 प्राध्यापकों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह जानकारी बुधवार को प्रतापगढ़ विभाग कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी गई। विभाग संयोजक अमर सिंह ने कहा कि अभाविप विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जो 9 जुलाई 1949 से छात्र हित, राष्ट्र हित और समाज हित के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि परिषद केवल छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की कार्यशाला है। सदस्यता अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, समाज सेवा और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। परिषद अपने ध्येय वाक्य "ज्ञान, शील और एकता" के साथ छात्र हितों के लिए निरंतर कार्य करती है। विभाग छात्रा प्रमुख तनु श्री गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष प्रतापगढ़ जिले के 19 नगरों एवं 3 तहसीलों में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के इंटर कॉलेजों, महाविद्यालयों, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों तथा कोचिंग संस्थानों तक पहुंचकर विद्यार्थियों और प्राध्यापकों को संगठन से जोड़ा जाएगा। जिला संयोजक स्वतंत्र पाण्डेय ने कहा कि अभाविप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, छात्र अधिकार, राष्ट्रवाद और व्यक्तित्व निर्माण के लिए सतत कार्यरत है। सदस्यता अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद स्थापित कर उन्हें संगठन की गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। जिला सदस्यता प्रमुख शौर्य मिश्र ने बताया कि सदस्यता अभियान के साथ-साथ छात्र संवाद, व्यक्तित्व विकास कार्यशालाएं, संगोष्ठियां, छात्र सम्मेलन, शिक्षा के व्यवसायीकरण के विरुद्ध जागरूकता अभियान तथा विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। पत्रकार वार्ता में विभाग संगठन मंत्री अनिल, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य शशांक सिंह, शिवानी चौरसिया, शिवाकांत शर्मा, शनि शर्मा, राज विश्वकर्मा, आर्यन त्रिपाठी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
