जागरूकता कार्यक्रम में मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना की दी गई विस्तृत जानकारी
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड के 9वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित माटीकला जागरूकता पखवाड़ा के अंतर्गत विकास खंड शिवगढ़ की ग्राम पंचायत दॉदूपुर में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख शिवगढ़ सत्यम ओझा ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के माध्यम से पारंपरिक कारीगरों के जीवन स्तर में सुधार लाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कारीगरों से विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने रोजगार को नई पहचान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के अंतर्गत माटीकला उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री, कारीगरों का पंजीकरण एवं आंकड़ा संकलन, विभागीय योजनाओं एवं प्रशिक्षण की जानकारी, स्वरोजगार स्थापित करने हेतु ऋण आवेदन प्रक्रिया का मार्गदर्शन, विद्युत चालित चाक एवं आधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन, माटीकला सहकारी समितियों के गठन तथा स्थानीय एवं पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों के उपयोग के प्रति जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर कला विशेषज्ञों ने विस्तार से जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर माटीकला पुरस्कार विजेता एवं कला विशेषज्ञ सुनील कुमार प्रजापति तथा धर्मेन्द्र कुमार प्रजापति ने अपनी पारंपरिक कला का सजीव प्रदर्शन किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उपस्थित लोगों को माटीकला की समृद्ध परंपरा एवं आधुनिक संभावनाओं से परिचित कराया और युवा कारीगरों को इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में समाजसेवी संजय पटेल, प्रभारी जिला ग्रामोद्योग अधिकारी रहेन्द्र कुमार शुक्ला सहित अशोक कुमार, श्याम बहादुर यादव, सिद्धान्त मौर्य सहित बड़ी संख्या में कारीगर, ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कार्यालय प्रभारी राम अजीत पटेल ने किया। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
