साईंनाथ महोत्सव के दूसरे दिन भक्ति में डूबे श्रद्धालु, गूंजा 'ॐ साईं राम'
साईंनाथ महोत्सव के दूसरे दिन विशेष पूजन और महाआरती, भक्तों ने लिया बाबा का आशीर्वाद
साईं बाबा के बताए मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि: शैलेंद्र नाथ
गुरु के बताए मार्ग पर चलना ही जीवन की सबसे बड़ी साधना: रोशन लाल उमरवैश्य
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। बलीपुर स्थित श्री साईं मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय 36वें श्री साईंनाथ महोत्सव के दूसरे दिन गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर साईं बाबा का विशेष पूजन, पंचामृत अभिषेक, महाआरती एवं प्रसाद वितरण का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और "ॐ साईं राम" तथा "सबका मालिक एक" के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।संस्थान के अध्यक्ष शैलेंद्र नाथ ने कहा कि साईं बाबा का संदेश श्रद्धा, सबुरी, सेवा और मानवता का है। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत किया जा सकता है। इस अवसर पर समाजसेवी रोशन लाल उमरवैश्य ने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति में गुरु के प्रति श्रद्धा और समर्पण का महापर्व है। साईं बाबा का जीवन सेवा, करुणा और मानवता की प्रेरणा देता है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सामाजिक समरसता, प्रेम और आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देते हैं। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया। महोत्सव में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने साईं बाबा के दर्शन कर सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की। आयोजन को सफल बनाने में संस्थान के पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहयोग किया। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
