फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी वाराणसी।चौबेपुर थाना क्षेत्र गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर स्वर्वेद महामंदिर धाम में प्रातःकाल से लेकर सायंकाल तक श्रद्धालुओं का निरंतर आगमन होता रहा। देश के विभिन्न राज्यों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने गुरुचरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित किए तथा ध्यान-साधना, गुरु-वंदना और दर्शन के माध्यम से गुरुपूर्णिमा पर्व को श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया।
विश्व के सबसे विशाल ध्यान केंद्र के रूप में प्रतिष्ठित स्वर्वेद महामंदिर धाम में श्रद्धालुओं ने विहंगम योग के प्रणेता सद्गुरु महर्षि सदाफल देव जी महाराज की दिव्य प्रतिमा के समक्ष श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा उनके बताए आत्मज्ञान, ध्यान एवं मानव कल्याण के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। श्रद्धालुओं ने स्वर्वेद महामंदिर में ध्यान-साधना कर आत्मिक शांति का अनुभव किया और दिव्य आध्यात्मिक वातावरण का लाभ प्राप्त किया।
पूरे दिन स्वर्वेद महामंदिर धाम का वातावरण श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक चेतना से ओत-प्रोत रहा। अनेक परिवार अपने बच्चों के साथ इस पावन अवसर पर पहुँचे और गुरु परंपरा के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त की। दर्शन एवं ध्यान-साधना के लिए दिनभर श्रद्धालुओं की सुव्यवस्थित कतारें लगी रहीं।
गुरुपूर्णिमा के इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने गुरु को आत्मज्ञान का प्रकाशस्तंभ मानते हुए उनके बताए साधना-पथ पर चलने का संकल्प लिया। दिनभर गुरु-वंदना, ध्यान-साधना और आध्यात्मिक चिंतन का क्रम चलता रहा। हजारों श्रद्धालुओं की श्रद्धामयी उपस्थिति से स्वर्वेद महामंदिर धाम पूरे दिन भक्ति, शांति और आध्यात्मिक चेतना से अनुप्राणित रहा।लईक आफताब चौबेपुर फास्ट न्यूज़ इंडिया 151166686
