प्रतापगढ़ जंक्शन पर हुआ हादसा, जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन पर मंगलवार की देर शाम एक दर्दनाक हादसे में पद्मावत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से 55 वर्षीय अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा किया। जीआरपी के अनुसार कोतवाली देहात क्षेत्र के रामपुर गौरी निवासी आयाज (55) पुत्र एजाज मंगलवार शाम प्रतापगढ़ जंक्शन पर दिल्ली जा रही पद्मावत एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल आयाज को जीआरपी जवानों ने तत्काल राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
