बलीपुर में 36वें श्री साईंनाथ महोत्सव का शुभारंभ, हजारों श्रद्धालु हुए शोभायात्रा में शामिल
बाबा का दरबार सभी के लिए खुला, श्रद्धा और सबुरी ही जीवन का आधार : शैलेंद्र नाथ
36 वर्षों से श्रद्धा का दीप जला रहा है साईं महोत्सव : संस्थान अध्यक्ष शैलेंद्र नाथ
फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी प्रतापगढ़। शहर के बलीपुर स्थित श्री साईं नारायण संस्थान के तत्वावधान में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय 36वें श्री साईंनाथ महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार को भव्य पालकी शोभायात्रा के साथ हुआ। साईं बाबा के जयकारों और भजनों से पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूब गया। भीषण गर्मी और उमस के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक शोभायात्रा में भाग लिया। फूलों से सुसज्जित रथ पर विराजमान शिरडी वाले साईं बाबा के दर्शन के लिए मार्गभर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। बलीपुर से प्रारंभ हुई पालकी यात्रा आंबेडकर चौराहा, श्रीराम चौराहा, चौक, बाबागंज और भंगवा चुंगी होते हुए पुनः साईं मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने कंधों पर बाबा की पालकी उठाकर श्रद्धा अर्पित की। महिला भक्त मंडल, युवा टीम और बाल भक्त मंडल की सक्रिय सहभागिता ने शोभायात्रा को और भी आकर्षक बना दिया। डीजे और बैंड पर बज रहे साईं भजनों पर श्रद्धालु झूमते रहे। यात्रा के दौरान "सबका मालिक एक" और "श्रद्धा-सबुरी" का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। शोभायात्रा ने सर्वधर्म समभाव की भावना को साकार करते हुए सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया। संस्थान के अध्यक्ष शैलेंद्र नाथ ने बताया कि गुरु पूर्णिमा पर आयोजित यह परंपरा संस्थान के संरक्षक पंडित हृदय नारायण मिश्र द्वारा प्रारंभ की गई थी, जो आज 36वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। उन्होंने कहा कि साईं बाबा का दरबार सभी के लिए समान है और यहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को अपनत्व, शांति और जीवन में खुशहाली का आशीर्वाद मिलता है। उन्होंने बताया कि बुधवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर दोपहर 1 बजे साईं बाबा का विशेष पूजन, अभिषेक एवं महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम के सफल संचालन में समाजसेवी रोशन लाल उमरवैश्य, संजय खंडेलवाल, संतोष त्रिपाठी 'निशुल्क', विनोद कुमार सिंह, राकेश साधवानी, सुरेंद्र प्रताप सिंह, प्रदीप शुक्ल, सीएम त्रिपाठी, चंद्रमौलि सिंह, शिवेंद्र नाथ मिश्र, देवव्रत मिश्र, उत्कर्ष मिश्र, विवेक ढींगरा, विजय कुमार शुक्ल, देवेश प्रताप सिंह, रमाकांत श्रीवास्तव, ऋषभ सिंह सहित महिला भक्त मंडल, बाल भक्त मंडल एवं युवा टीम का विशेष योगदान रहा। शोभायात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
