फास्ट न्यूज़ इंडिया मध्य प्रदेश शिवपुरी पिछोर। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित प्रदेशव्यापी जनजागरूकता अभियान "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" के तहत पिछोर अनुभाग में गुरुवार को एक प्रेरणादायक और सराहनीय पहल देखने को मिली। पुलिस अधीक्षक शिवपुरी यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर. डी. प्रजापति के मार्गदर्शन में एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा ने अपने स्टाफ के साथ एक ही दिन में अनुभाग के आठ अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान करीब 5 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं आम नागरिकों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया।
अभियान के अंतर्गत एसडीओपी प्रशांत शर्मा ने स्वयं विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने बताया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और पूरे राष्ट्र के भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।
इस विशेष अभियान के तहत सनराइज स्कूल खनियाधाना, मॉडल स्कूल पिछोर, एक्सीलेंस स्कूल पिछोर, शासकीय पीजी कॉलेज पिछोर, सरस्वती विद्यालय पिछोर, सीएम राइज स्कूल गणेशखेड़ा तथा शासकीय विद्यालय बामौर कला सहित विभिन्न संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रत्येक स्थान पर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
इसके बाद एसडीओपी कार्यालय पिछोर पहुंचे लगभग 200 से 300 महिला एवं पुरुषों को भी अभियान की जानकारी देते हुए नशा न करने और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग देने की शपथ दिलाई गई। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से कहा कि यदि उनके आसपास कहीं भी अवैध नशीले पदार्थों का कारोबार या सेवन होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को नशे के जाल से मुक्त कराया जा सके।
एक ही दिन में आठ अलग-अलग स्थानों पर लगातार पहुंचकर हजारों लोगों को जागरूक करना पुलिस विभाग की कार्यशैली और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण माना जा रहा है। क्षेत्र के लोगों ने एसडीओपी प्रशांत शर्मा की इस सक्रिय पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान युवाओं को सही दिशा देने और समाज को नशामुक्त बनाने में निश्चित रूप से प्रभावी साबित होंगे।
मध्य प्रदेश पुलिस का "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान लगातार जिलेभर में संचालित किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज का निर्माण करना है। पिछोर अनुभाग में आयोजित यह व्यापक जनजागरूकता अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक पहल के रूप में देखा जा रहा है। रिपोर्टर राजू जाटव पिछोर

