फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र दहेज में तीन लाख रुपये अतिरिक्त नहीं मिलने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने सास-बहू समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। विवाहिता ने ससुराल पक्ष के जेठ और देवर पर अश्लील हरकत करने तथा जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने का भी आरोप लगाया है।रामपुर निवासी सविता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह 15 मई 2023 को कैथी, बलुआ निवासी ओमकार के साथ हुआ था। विवाह में मायके पक्ष की ओर से अपाची बाइक, सोने की चेन, अंगूठी, बेड, अलमारी, बक्सा, टीवी, बर्तन, फ्रिज, कूलर, दो लाख रुपये नकद समेत अन्य घरेलू सामान दिया गया था। आरोप है कि ससुराल पहुंचने के बाद पति ओमकार, सास सोमरा, जेठ शिवकुमार व रामकुमार, देवर किशन और ननद माया देवी ने कम दहेज का ताना देते हुए पांच लाख रुपये की मांग की और तीन लाख रुपये अतिरिक्त मायके से लाने का दबाव बनाया।विवाहिता का आरोप है कि मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। शिकायत के बाद उसके पिता ने सास को एक लाख रुपये भी दिए, लेकिन इसके बाद भी प्रताड़ना बंद नहीं हुई। आरोप है कि बाद में दो लाख रुपये और मांगते हुए उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। तहरीर में जेठानी बबिता देवी पर भी प्रताड़ना में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।विवाहिता ने आरोप लगाया कि 20 सितंबर 2025 को जेठ शिवकुमार, रामकुमार और देवर किशन ने कमरे में आकर उसके साथ अश्लील हरकत की और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद वह अपने भाई को बुलाकर मायके चली गई और इलाज कराया,आरोप है कि बाद में ससुराल पक्ष के लोग एकजुट होकर उसके मायके पहुंचे और विवाहिता को एक सप्ताह के भीतर विदा करने की धमकी दी। ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। शोर-शराबा होने पर परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना देने की बात कही, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए,वही थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि विवाहिता की तहरीर के आधार पर पति, सास, दो जेठ, देवर, ननद और जेठानी समेत कुल सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।लईक आफताब चौबेपुर फास्ट न्यूज़ इंडिया 151166686
