फर्जी आधार कार्ड, आईफोन-15 और सिम कार्ड बरामद, बैंक खाते खुलवाकर साइबर अपराधियों को पहुंचाता था मदद
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जनपद के साइबर थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी फर्जी आधार कार्ड के जरिए बैंक खाते खुलवाने, सिम कार्ड उपलब्ध कराने तथा साइबर अपराधियों को तकनीकी सहायता देने का काम करता था। उसके कब्जे से एक आईफोन-15, दो एयरटेल सिम कार्ड और एक फर्जी आधार कार्ड बरामद किया गया है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर आशुतोष मिश्रा के पर्यवेक्षण में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक दिवाकर सिंह यादव की टीम ने यह कार्रवाई की। साइबर थाना में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान बिहार निवासी पुटुश कुमार को पूछताछ के लिए बुलाया गया, जहां उसने साइबर ठगी गिरोह से जुड़े होने की बात स्वीकार की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने फर्जी पते पर आधार कार्ड संशोधित कराकर अपने नाम से कई बैंक खाते खुलवाए और सिम कार्ड लेकर उन्हें साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराया। बाद में वह स्वयं भी गिरोह का सक्रिय सदस्य बन गया। गिरोह के सदस्य कॉल फॉरवर्डिंग और व्हाट्सएप के माध्यम से लोगों के खातों पर नियंत्रण हासिल कर उनके परिचितों से रुपये मंगवाते थे। इसके अलावा सरकारी योजनाओं और लोन दिलाने का झांसा देकर भी लोगों से ठगी की जाती थी। पुलिस के अनुसार आरोपी ठगी से प्राप्त रकम में लगभग 20 प्रतिशत कमीशन लेता था तथा गिरोह के अन्य सदस्यों को पुलिस की गतिविधियों की जानकारी भी देता था। पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पुटुश कुमार (23 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय सत्येन्द्र साव, निवासी नसरतपुर, थाना बरबीघा, जनपद शेखपुरा (बिहार) के रूप में हुई है। कार्रवाई में निरीक्षक दिवाकर सिंह यादव, उपनिरीक्षक नदीम, कांस्टेबल सत्येन्द्र यादव, कांस्टेबल हर्षदीप तथा सर्विलांस टीम के कांस्टेबल धनंजय कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
