फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी बुलंदशहर। जहांगीराबाद जहांगीराबाद क्षेत्र के ग्राम खालौर में रविवार को विधायक संजय शर्मा ने बूथ संख्या 317 पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रसिद्ध रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 136वें संस्करण को पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ सुना। कार्यक्रम के उपरांत विधायक संजय शर्मा ग्राम निवासी नीरज चौधरी के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने उनकी पुत्री एवं मेधावी छात्रा पायल चौधरी को उत्कृष्ट शैक्षिक उपलब्धि पर सम्मानित किया। पायल चौधरी ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ की बी.कॉम परीक्षा में द्वितीय स्थान तथा आरडीपीडी गर्ल्स कॉलेज, जहांगीराबाद में प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस अवसर पर विधायक संजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री का 'मन की बात' कार्यक्रम नवाचार, जनभागीदारी, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, युवा शक्ति और आत्मनिर्भर भारत जैसे विषयों पर समाज को प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम राष्ट्र निर्माण में जनसहभागिता की भावना को और अधिक मजबूत बनाता है। मेधावी छात्रा पायल चौधरी को शुभकामनाएं देते हुए विधायक ने कहा कि "बेटियां समाज का गौरव हैं। उनकी सफलता पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत है। बेटी पढ़ेगी, बेटी बढ़ेगी, तभी सशक्त और समृद्ध भारत का निर्माण होगा। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष रामपाल सूर्यवंशी, डॉ. मोहित कपासिया, जिला पंचायत सदस्य रेनू सिंह, राहुल प्रधान, कृष्णपाल प्रधान, ओमवीर सिंह, मनोज, कालीचरण, सतवीर लोधी, नवाब सिंह, मोहनपाल प्रधान, विजय कपासिया, राजकुमार सहित विभिन्न गांवों के प्रधान, बूथ अध्यक्ष एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। रिपोर्ट - सुनील कुमार 151044750
