प्रयागराज। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी 'मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना' का जिला स्तरीय शुभारंभ समारोह हंडिया पी.जी. कॉलेज, हंडिया में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों के प्राध्यापकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भदोही के सांसद डॉ. विनोद कुमार विन्द तथा विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वी.के. सिंह रहे। इसके अलावा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्रीमती विनीता सिंह, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्रो. सुनीता जायसवाल एवं नोडल अधिकारी प्रो. ओमप्रकाश भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। डॉ. अनुराग मालवीय ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया।
शिक्षकों को मिले कैशलेस चिकित्सा कार्ड
समारोह में हंडिया पी.जी. कॉलेज, कुल भास्कर डिग्री कॉलेज, लाला लक्ष्मी नारायण डिग्री कॉलेज, प्रयाग महिला विद्यापीठ एवं महिला सेवा सदन डिग्री कॉलेज के प्राध्यापकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किए गए।
'शिक्षकों का स्वास्थ्य सुरक्षित रहना जरूरी'
स्वागत भाषण में क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. सुनीता जायसवाल ने कहा कि यह योजना शिक्षकों के स्वास्थ्य संरक्षण और सम्मान की दिशा में राज्य सरकार का ऐतिहासिक कदम है। मुख्य अतिथि डॉ. विनोद कुमार विन्द ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण के वास्तविक शिल्पकार हैं और उनका स्वास्थ्य सुरक्षित रहना एक विकसित समाज की आधारशिला है। विशिष्ट अतिथि डॉ. वी.के. सिंह ने बताया कि योजना के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों में शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी, जिससे उपचार के दौरान आर्थिक कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा। अपर जिलाधिकारी श्रीमती विनीता सिंह ने योजना के पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पात्र लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शैलेन्द्र कुमार यादव ने किया, जबकि अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विवेक पांडेय ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। समारोह में प्रयागराज जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में शिक्षाविद मौजूद रहे। प्रदीप मिश्रा 151045438

