फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी कासगंज। जनपद में मिलावटखोरों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोरों क्षेत्र में एक बड़ी छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया, जिससे स्थानीय मिठाई कारोबारियों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
मुख्य प्रशासनिक टीम ने सोरों के प्रसिद्ध रामलाल हलवाई चौराहा स्थित कटेश्वर मंदिर के पास संचालित 'ओम स्वीट्स'का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकान में भारी अनियमितताएं और गंदगी पाई गई। टीम ने मौके से मिलावट के संदेह में चीनी युक्त खोवा और शुद्ध घी के नमूने (सैंपल्स) सील किए। इन नमूनों को गुणवत्ता की गहन जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, लखनऊ भेज दिया गया है। दुकान पर बेहद अस्वास्थ्यकर और गंदगी के बीच रखी गई मिठाइयों को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर ही नष्ट करवा दिया। विभाग द्वारा दुकान संचालक को कड़ी फटकार लगाते हुए भविष्य में साफ-सफाई सुनिश्चित करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस अचानक हुई छापेमारी की भनक लगते ही सोरों बाजार में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। कार्रवाई के डर से रामलाल हलवाई चौराहा और आसपास के कई मिठाई विक्रेता तथा परचून दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें आनन-फानन में बंद कर मौके से रफूचक्कर हो गए।अधिकारियों ने कहा कि आगामी त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के मद्देनजर आम जनता के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पूरे जनपद में यह चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। यदि किसी भी दुकान पर मिलावट, गंदगी या खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। रिपोर्ट संजय सिंह 151110069

