वाराणसी । एजुकार्ट (EduCart) एवं प्राइवेट स्कूल एजुकेशन के संयुक्त तत्वावधान में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित आधुनिक शिक्षण पद्धति (Teaching Methodology) पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में पूर्वांचल के 200 से अधिक शिक्षकों, प्राचार्यों एवं शिक्षा विशेषज्ञों ने भाग लिया।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता निशांत सिंह लाकरा ने शिक्षा के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि एआई केवल तकनीक नहीं, बल्कि शिक्षा को अधिक प्रभावी, व्यक्तिगत और नवाचार आधारित बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने शिक्षकों को एआई टूल्स के जिम्मेदार एवं रचनात्मक उपयोग की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षा जगत से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से धर्मेंद्र मेनन, नामवर उपाध्याय, डॉ. अजय पांडेय, डॉ. आभा सिंह, रितेश कुमार मिश्रा तथा प्राइवेट स्कूल ऐशोसिएशन के उपाध्यक्ष अंशुमान देव गुप्ता ने सहभागिता कर एआई आधारित शिक्षण की आवश्यकता पर अपने विचार साझा किए।
कार्यशाला के दौरान शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण तकनीकों, डिजिटल संसाधनों तथा एआई के माध्यम से विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता को बेहतर बनाने के व्यावहारिक पहलुओं से भी अवगत कराया गया। वक्ताओं ने कहा कि भविष्य की शिक्षा में एआई की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी और शिक्षकों को समय के साथ नई तकनीकों को अपनाने के लिए तैयार रहना होगा। सभी को सम्मानित भी किया गया ।। रविन्द्र गुप्ता
