भाजपा नेता बोले— राजनीति नहीं, समाज सेवा और विकास मेरा लक्ष्य
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। भारतीय जनता पार्टी के सदर विधानसभा क्षेत्र से संभावित दावेदार एवं भाजपा नेता विजय सिंह बजरंगी ने कहा कि यदि पार्टी नेतृत्व उन्हें विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाकर जनता की सेवा का अवसर देता है, तो उनकी पहली प्राथमिकता क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार की व्यवस्था को मजबूत करना होगी। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों पर योजनाबद्ध तरीके से काम कर क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति दी जाएगी। विजय सिंह बजरंगी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है। उनका प्रयास रहेगा कि लोगों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों, जिससे उन्हें इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर न जाना पड़े। उन्होंने सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, आधुनिक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने की बात कही। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार सृजन उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। केंद्र और प्रदेश सरकार की कौशल विकास योजनाओं से युवाओं को जोड़कर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि उन्हें रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े। भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी होगी। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, महिला और युवाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को गति दी जाएगी। विजय सिंह बजरंगी ने कहा कि यदि पार्टी का विश्वास और जनता का आशीर्वाद मिला तो वह पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि "राजनीति मेरे लिए सत्ता का नहीं, बल्कि समाज सेवा और जनकल्याण का माध्यम है।" रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
