कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे नवीन सब्जी मंडी सरैया के पास शुक्रवार रात एक युवक और युवती की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। दोनों गंभीर रूप से घायल अवस्था में रेलवे ट्रैक के बीच पड़े मिले थे। उन्हें अलग-अलग एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने और आत्मघाती कदम उठाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। रेलवे सूत्रों के अनुसार शुक्रवार रात करीब 8:10 बजे किसी व्यक्ति के ट्रेन से कटने की सूचना मिली। सूचना पर रेलवे सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे।
मौके पर मौजूद ट्रैकमैन अभय कुमार यादव और हनुमंत कुमार यादव ने बताया कि रात करीब 8:15 बजे उन्होंने एक युवक और एक युवती को अप लाइन के बीच गंभीर रूप से घायल अवस्था में देखा। दोनों को ट्रैक से हटाकर रेल लाइन खाली कराई गई, ताकि रेल यातायात प्रभावित न हो।
घटना की सूचना पर डायल-112 और स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पहले युवती को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। इसके बाद दूसरी एंबुलेंस से युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सक डॉ. इसरार अहमद ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
युवक की पहचान उसके मोबाइल पर आए फोन के आधार पर हुई। उसके भाई मोहन साहनी ने उसकी पहचान अर्जुन साहनी (20) पुत्र रामसूरत साहनी, निवासी लीलाहवा ओला, थाना कैंपियरगंज, जिला गोरखपुर के रूप में की। वहीं युवती की पहचान लक्ष्मीना (18) निवासी बखिरा चिरैयाड़ाड, थाना बखिरा, संतकबीरनगर के रूप में हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नवीन मंडी चौकी पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी रही।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम संबंध में आत्मघाती कदम उठाने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार घटना के बावजूद रेल परिचालन प्रभावित नहीं हुआ और किसी भी ट्रेन का संचालन विलंबित नहीं हुआ।
मैकेनिक का काम करता था अर्जुन
परिजनों के अनुसार अर्जुन कैंपियरगंज में मैकेनिक का काम करता था। शुक्रवार को दिन में वह अपने घर से निकला था। परिजन के अनुसार वह खलीलाबाद कैसे पहुंचा, यह किसी को पता नहीं चल सका। वहीं युवती भी अपने घर से निकली और परिजन को जानकारी नहीं हो सकी।
शाम से ही परिजन अर्जुन के मोबाइल पर फोन करते रहे लेकिन उसका फोन नहीं उठ सका। रात में एंबुलेंस के चालक ने फोन उठाया और घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन अवाक रह गए और आनन-फानन में पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।
पीआरवी की सूचना के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जांच की जा रही है। मामले में यदि कोई तहरीर मिलती है, तो उसकी भी जांच कराई
जाएगी: प्रियम राजशेखर पांडेय, सीओ खलीलाबाद
प्रेमी युगल की मौत से गांव में पसरा मातम, अंतिम संस्कार संपन्न
कैंपियरगंज। चौमुखा नगर पंचायत के लिलहवा टोला निवासी 20 वर्षीय अर्जुन सहानी की संतकबीरनगर में अपनी प्रेमिका के साथ ट्रेन से कटकर हुई मौत की सूचना गांव पहुंचते ही पूरे टोले में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया कि अर्जुन सहानी, रामसूरत सहानी का सबसे छोटा पुत्र था। वह मोटरसाइकिल रिपेयरिंग का काम सीख रहा था। परिवार में पांच भाइयों में सबसे छोटे अर्जुन की शादी नहीं हुई थी जबकि उसके तीन भाइयों का विवाह हो चुका है।
परिजनों के अनुसार, जिस युवती के साथ अर्जुन का प्रेम संबंध था, वह उसके बड़े भाई के ससुराल पक्ष की रिश्तेदार थी। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। अर्जुन का शव गांव पहुंचने के बाद परिजनों ने राप्ती नदी के करमैनी घाट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। रिपोर्टर फूलमती मौर्य 151188511
