फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। नगर पंचायत रामगंज निवासी प्रवीण सिंह बारी ने राजधानी दिल्ली के गृह मंत्रालय स्थित एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित दिल्ली छात्र संसद-2026 में उपाध्यक्ष की भूमिका निभाकर जनपद प्रतापगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। देशभर से चयनित युवा प्रतिनिधियों के बीच उन्होंने संसदीय कार्यवाही का सफल संचालन करते हुए अपनी नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और प्रभावशाली वक्तृत्व का परिचय दिया। छात्र संसद के दौरान प्रवीण सिंह बारी ने लोकतांत्रिक परंपराओं, युवाओं की जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि "राष्ट्र सर्वोपरि है। प्रत्येक युवा के मन में राष्ट्रसेवा का भाव होना चाहिए। राष्ट्र हमें पहचान, सम्मान और अस्तित्व प्रदान करता है, इसलिए राष्ट्रहित से बढ़कर कुछ नहीं हो सकता।" उनके विचारों को उपस्थित प्रतिनिधियों और अतिथियों ने सराहा। प्रवीण सिंह बारी, पिता कृष्ण कुमार बारी, नगर पंचायत रामगंज के निवासी हैं। राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित मंच पर उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी का सफल निर्वहन कर उन्होंने न केवल अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, बल्कि प्रतापगढ़ की युवा शक्ति का भी मान बढ़ाया। उनकी इस उपलब्धि पर रामगंज सहित पूरे जनपद में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के शिक्षकों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान प्रतापगढ़ के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे आगे भी जिले और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करते रहेंगे। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
