मिलजुमला भूमि प्रकरण का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश, अनुपस्थित कानूनगो का वेतन रोकने के आदेश
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। ग्राम बैजलपुर (बिहारगंज) में सड़क निर्माण न होने के प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्या और सड़क निर्माण में आ रही बाधाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान लेखपाल योगेन्द्र विक्रम ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि मिलजुमला भूमि होने के कारण सड़क निर्माण में बाधा उत्पन्न हो रही है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि मिलजुमला भूमि से संबंधित प्रकरण का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, जिससे सड़क निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो सके। निरीक्षण के दौरान संबंधित कानूनगो के मौके पर उपस्थित न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जब तक पक्की सड़क का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक मनरेगा के माध्यम से मिट्टी डलवाकर कच्चे रास्ते को दुरुस्त कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान ग्राम बैजलपुर स्थित पंचायत भवन की स्थिति जर्जर पाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंचायत भवन का निर्माण किस कार्यकाल में कराया गया था, इसकी मुख्य विकास अधिकारी स्तर से जांच कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। जांच के आधार पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
