गदरपुर में भाजपा का 'युवा संवाद सम्मेलन', होनहार छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित
फास्ट न्यूज़ इंडिया उत्तराखंड गदरपुर: गदरपुर के शहनाई वाटिका में बुधवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से युवा संवाद सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व शिक्षा मंत्री और क्षेत्रीय विधायक अरविंद पांडे ने युवाओं का जोश बढ़ाते हुए कहा कि युवा ही देश का असली भविष्य हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को बधाई दी और कहा कि उनकी मेहनत अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने युवाओं को आगे बढ़ने और देश सेवा के लिए प्रेरित किया। भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल ने कहा कि भाजयुमो हमेशा युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उन्हें बेहतर अवसर देने के लिए काम करता है। युवा कल्याण परिषद के अध्यक्ष कुंदन नटवाल ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि आज के होनहार छात्र ही कल देश की कमान संभालेंगे। वहीं रुद्रपुर के मेयर विकास शर्मा ने युवाओं को देश की असली ताकत बताया और विकास में उनकी भागीदारी को जरूरी कहा। इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया, जिससे उनके चेहरे खिल उठे।
भाजयुमो मंडल अध्यक्ष तनुज गिलहोत्रा और जिला कोषाध्यक्ष मुनि भुसरी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन राकेश भुड़ी और गिन्नी पांडे ने किया। कार्यक्रम में प्रशांत पंडित, ऋषि भूसरी, नरेश हुंडिया, अशोक हुंडिया, विश्वजीत, अतुल पांडे, अभिषेक गुंबर, चकित हुंडिया, अभिषेक वर्मा, अंजू, बुद्धि, राजबाला चौहान, मानसी शर्मा, पूनम ग्रोवर और ज्योति सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए लगातार प्रेरित करने का संकल्प दोहराया। शाहनूर अली स्टेट ब्यूरो चीफ उत्तराखंड 151045804


