फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी, सुरक्षित एवं समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से सीबीटी प्रतापगढ़ के सीएचसी पृथ्वीगंज (औंवर) में 102 एवं 108 एंबुलेंस सेवाओं के पायलटों का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण में प्रतापगढ़, रायबरेली एवं सुल्तानपुर जनपद के एंबुलेंस पायलट प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य पायलटों के तकनीकी कौशल, सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता तथा आपातकालीन परिस्थितियों में उनकी कार्यकुशलता को और बेहतर बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षक संजय तिवारी ने सुरक्षित एंबुलेंस संचालन, सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, ट्रैफिक संकेतों की पहचान तथा आपात स्थिति में संयमित एवं जिम्मेदार ड्राइविंग के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस चालक की सतर्कता और जिम्मेदारी मरीज के जीवन की सुरक्षा से सीधे जुड़ी होती है, इसलिए प्रत्येक पायलट को हर परिस्थिति में सुरक्षा मानकों का पालन करना चाहिए। प्रशिक्षक अनुज यादव ने आपातकालीन सेवाओं में रिस्पॉन्स टाइम की अहम भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दुर्घटना या गंभीर बीमारी की स्थिति में प्रत्येक मिनट कीमती होता है। समय पर घटनास्थल पहुंचकर मरीज को शीघ्र अस्पताल तक पहुंचाना ही एंबुलेंस सेवा की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। प्राथमिक उपचार सत्र में प्रशिक्षक बीरेंद्र कुमार ने दुर्घटना में घायल मरीज का रक्तस्राव रोकने, बेहोश मरीज को सीपीआर (CPR) देने तथा अन्य जीवनरक्षक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद शुरुआती कुछ मिनटों में सही प्राथमिक उपचार मिलने से कई गंभीर मरीजों की जान बचाई जा सकती है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रोग्राम मैनेजर पवन कुमार मिश्रा ने कहा कि 102 एवं 108 एंबुलेंस सेवा आमजन के लिए जीवनरेखा है। ऐसे में प्रत्येक पायलट का कर्तव्य है कि वह अनुशासन, संवेदनशीलता, सुरक्षित ड्राइविंग और बेहतर रिस्पॉन्स टाइम के साथ अपनी सेवाएं प्रदान करे। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को व्यवहार में उतारकर आमजन को बेहतर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया। प्रशिक्षण में सड़क सुरक्षा, जीवनरक्षक तकनीकों और त्वरित आपातकालीन प्रतिक्रिया पर विशेष जोर दिया गया, ताकि किसी भी संकट की घड़ी में एंबुलेंस सेवाएं अधिक प्रभावी और भरोसेमंद साबित हो सकें। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
