यूपी,गोरखपुर, कुसम्ही बाजार । एम्स थाना क्षेत्र के कुसम्ही बाजार में सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यात्रियों से भरी एक अनुबंधित बस के पहिये से अचानक धुआं उठने लगा। बस में सवार यात्रियों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया, लेकिन चालक की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर से कुशीनगर की ओर जा रही अनुबंधित बस सोमवार शाम कुसम्ही बाजार पहुंची ही थी कि उसके एक पहिये से अचानक धुआं निकलने लगा। धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने शोर मचाकर चालक को तत्काल सतर्क किया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने बिना देर किए बस को सड़क किनारे सुरक्षित रोक दिया।
बस रुकते ही यात्रियों को व्यवस्थित ढंग से बाहर निकाला गया। घटना में किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लेने से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही जगदीशपुर चौकी प्रभारी गौरव तिवारी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लेते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया और लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की। पुलिस की तत्परता से कुछ ही देर में हालात सामान्य हो गए।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बस के टायर या पहिये में आई तकनीकी खराबी के कारण धुआं उठा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यात्रियों और स्थानीय लोगों ने चालक की सूझबूझ तथा चौकी प्रभारी गौरव तिवारी की त्वरित कार्रवाई की सराहना की, जिससे एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। रिपोर्ट जसवीर मोदनवाल 151167985
