फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया
यूपी, गोरखपुर। खोराबार थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के समीप स्थित तुर्रा नाले में शुक्रवार दोपहर एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पानी में उतराता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव दिखाई देने पर स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल खोराबार पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से शव को नाले से बाहर निकलवाया। काफी प्रयास के बावजूद मृतक की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराते हुए शव को शिनाख्त के लिए 72 घंटे तक मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसने सफेद रंग की शर्ट तथा सफेद धारीदार पट्टी वाला नीला लोअर पहन रखा था। मृतक का रंग सांवला, कद लगभग पांच फीट, शरीर दोहरा तथा सिर मुंडा हुआ है। उसके गले में मोती और रुद्राक्ष की माला भी मिली है, जिसके आधार पर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
खोराबार पुलिस आसपास के थानों को भी मृतक का हुलिया भेजकर पहचान कराने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति इस हुलिए के आधार पर मृतक की पहचान कर सके तो तत्काल खोराबार थाना पुलिस को सूचना दें, ताकि आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा सके। रिपोर्ट जसवीर मोदनवाल 151167985
