फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र चौबेपुर थाने में एक महिला फरियादी के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद महिला उपनिरीक्षक रोशनी सिंह को निलंबित कर दिया गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने विभागीय जांच भी शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, ग्राम परानापुर निवासी पूनम देवी ने जमीन विवाद को लेकर गांव के रामसेवक के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच के लिए पुलिस ने दोनों पक्षों को चौबेपुर थाने बुलाया था। रामसेवक के मजदूरी पर होने के कारण उनकी पत्नी गीता देवी थाने पहुंचीं। गीता देवी का आरोप है कि जब उन्होंने महिला उपनिरीक्षक को बताया कि उनके पति मजदूरी पर गए हैं, तो इस बात पर उपनिरीक्षक नाराज हो गईं और उनके साथ मारपीट की। पीड़िता का यह भी आरोप है कि बाद में उन्हें एक कमरे में बैठाकर उनकी इच्छा के विरुद्ध बयान लिखवाकर हस्ताक्षर करा लिए गए। वहीं, महिला उपनिरीक्षक रोशनी सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान महिला उनसे उलझ गई, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस के उच्च अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए महिला उपनिरीक्षक रोशनी सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। मामले की विभागीय जांच जारी है लईक आफताब 151166686
