फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जनपद में चल रही होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित बेल्हा हॉल पहुंचे और अभिलेख सत्यापन (डीवी) तथा शारीरिक मानक परीक्षण (पीएसटी) का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया की प्रत्येक व्यवस्था का बारीकी से जायजा लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पूरी प्रक्रिया शासन की मंशा के अनुरूप पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्धारित मानकों के अनुसार संपन्न कराई जाए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अभ्यर्थियों के दस्तावेजों के सत्यापन, शारीरिक मापदंडों की जांच, अभिलेखों के रखरखाव तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने भर्ती बोर्ड के अधिकारियों से कहा कि किसी भी अभ्यर्थी के साथ भेदभाव न हो और प्रत्येक चरण में निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
