फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी प्रतापगढ़। कंधई थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार 13 जुलाई को कोहंडौर थाना क्षेत्र के गहरौली निवासी व्यक्ति ने कंधई थाना में तहरीर देकर बताया था कि बोझी गांव में शटरिंग कार्य के दौरान कार्यस्थल के बाहर खड़ी उसकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार और क्षेत्राधिकारी पट्टी प्रदीप सिंह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी आदित्य सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ढेलहा मोड़ के पास से मदन प्रजापति (32) निवासी खुसा का पुरवा (किशुनगंज), थाना कंधई को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 13 जुलाई को बोझी गांव में निर्माणाधीन मकान के बाहर खड़ी बाइक चोरी की थी और उसे बेचने की फिराक में था। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी का मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अनूप कुमार यादव, हेड कांस्टेबल राजेंद्र प्रसाद, कांस्टेबल राहुल कुमार तथा आरक्षी अभिषेक कुमार सिंह शामिल रहे। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
