करहां । विकास खंड मुहम्मदाबाद गोहना अंतर्गत ग्राम पंचायत दाउदपुर में बुधवार को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस अभियान में 12 नए स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया, जिसमें ग्राम की बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।नए समूहों के गठन के लिए महिलाओं से आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति, दो पासपोर्ट आकार के फोटो एवं मोबाइल नंबर प्रस्तुत करने को कहा गया था। आवश्यक अभिलेखों के साथ पहुंची महिलाओं ने समूह से जुड़ने में विशेष रुचि दिखाई। अभियान के दौरान महिलाओं को समूह से जुड़ने के लाभों एवं सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई।इस अवसर पर ब्लॉक मिशन प्रबंधक (बीएमएम) संजय सिंह ने कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। समूह से जुड़ने वाली महिलाओं को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलता है। इसके साथ ही समूह के माध्यम से प्राप्त वित्तीय सहायता एवं प्रशिक्षण के जरिए महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर आर्थिक रूप से सशक्त औरआत्मनिर्भर बन सकती हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नए स्वयं सहायता समूहों के गठन पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिसके क्रम में विकासखंड की सभी 83 ग्राम पंचायतों में युद्धस्तर पर समूह गठन का कार्य कराया जा रहा है।
खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि नए समूहों के गठन के लिए विकासखंड स्तर से ग्राम पंचायत सचिवों, एनआरएलएम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा समूह सखियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो ग्राम पंचायतों में लगातार कार्य कर रहे हैं। ग्राम प्रधानों एवं पंचायत सहायकों के सहयोग से इस अभियान को गति प्रदान की जा रही है। सभी कोटेदारों को भी निर्देशित किया गया है कि वे पात्र महिलाओं को समूहों से जोड़ने में सक्रिय सहयोग करें, ताकि निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं को बचत, ऋण सुविधा, स्वरोजगार एवं सामूहिक नेतृत्व के अवसर प्रदान करते हैं। इससे ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार होने के साथ-साथ उनका सामाजिक आत्मविश्वास भी बढ़ता है।कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सचिव अमित राय, ग्राम प्रधान जितेंद्र चौहान, पंचायत सहायक सतपाल चौहान, समूह सखी सुमन यादव, आईसीआरपी टीम की पार्वती देवी, पिंकी देवी, बीना सिंह, सुशीला एवं मनसा देवी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्राम पंचायत की महिलाएं उपस्थित रहीं। महिलाओं ने पूरे दिन चलने वाले इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने के लिए अपने आवेदन पत्र जमा किए ।
रिपोट - अजय कुमार 151170379
