फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी कासगंज। मुख्य विकास अधिकारी वीरेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि, उद्यान, गन्ना, विद्युत, नहर, सहकारिता, पशुपालन, कृषि विज्ञान केंद्र, मंडी समिति, जिला अग्रणी बैंक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में किसानों ने प्रतिभाग किया। बैठक में किसानों ने सहकारी समितियों पर समय से उर्वरक उपलब्ध कराने, धान की रोपाई को देखते हुए नहरों में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग प्रमुखता से उठाई। गन्ना विभाग द्वारा गन्ना मूल्य भुगतान की स्थिति से किसानों को अवगत कराया गया। कृषि विभाग ने किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक फसलों का बीमा कराने के लिए प्रेरित किया, ताकि सूखा अथवा अतिवृष्टि से होने वाले नुकसान की स्थिति में उन्हें आर्थिक सहायता प्राप्त हो सके। उद्यान विभाग ने विभागीय अनुदानित योजनाओं की जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने कम वर्षा की स्थिति में सीमित जल से धान की उन्नत खेती एवं जल संरक्षण आधारित तकनीकों की जानकारी किसानों को प्रदान की। पशुपालन विभाग ने बरसात के मौसम में पशुओं में होने वाली बीमारियों से बचाव के उपाय बताए तथा 22 जुलाई से प्रस्तावित टीकाकरण अभियान की जानकारी दी। जिला अग्रणी बैंक ने किसानों से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनवाने की अपील की। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। रिपोर्ट संजय सिंह 151110069
