फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी कासगंज। जनपद कासगंज में इंसानियत और संवेदनशील प्राासन का एक प्रेरणादायक उदाहरण देखने को मिला। एटा रोड स्थित बढ़ारी वैश्य के समीप पीपल के पेड़ की डाल गिरने से बाइक सवार दंपत्ति हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इसी दौरान मौके से गुजर रहे कासगंज के एसडीएम मोहम्मद नासिर ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल सहायता उपलब्ध कराई और घायल महिला को अपनी सरकारी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार घायल महिला की पहचान कुमकुम यादव, पत्नी आकाश यादव, निवासी ग्राम नौगांव, थाना गंगीरी, जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई है। हादसे के बाद महिला के पति ने मौके से गुजर रहे एसडीएम मोहम्मद नासिर के काफिले को रोककर मदद की गुहार लगाई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने बिना किसी देरी के घायल महिला को अपनी सरकारी गाड़ी में बैठाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू कर दिया। घायल महिला के परिजनों ने एसडीएम मोहम्मद नासिर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि समय पर सहायता नहीं मिलती तो इलाज में देरी हो सकती थी। उन्होंने कहा कि एसडीएम की तत्परता और संवेदनशीलता के कारण महिला को समय पर उपचार मिल सका। इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की और कहा कि प्राासनिक अधिकारी का ऐसा व्यवहार समाज के लिए प्रेरणादायक है। क्षेत्रभर में एसडीएम मोहम्मद नासिर के इस सराहनीय कार्य की चर्चा हो रही है तथा लोग इसे एक जिम्मेदार और संवेदनशील प्रशासनिक अधिकारी की मिसाल बता रहे हैं। रिपोर्ट संजय सिंह 151110069
