फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी बुलंदशहर। जहांगीराबाद नई मंडी स्थित किसान सेवा केंद्र पर डीएपी खाद वितरण के दौरान सोमवार को अव्यवस्था और कथित अनियमितता सामने आई। भीषण गर्मी में किसान घंटों लाइन में खड़े रहे, लेकिन खाद वितरण से पहले टोकन बांटने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। किसानों के अनुसार सुबह करीब 6:30 बजे एक व्यक्ति केंद्र पर पहुंचा और स्वयं ही किसानों के बीच टोकन बांटने लगा। जब किसानों ने इस पर आपत्ति जताई और केंद्र प्रभारी प्रणव कुमार से जानकारी ली तो उन्होंने साफ कहा कि केंद्र की ओर से किसी भी प्रकार के टोकन जारी नहीं किए गए हैं। इसके बाद किसानों ने आरोप लगाया कि टोकन बांटने वाले व्यक्ति ने अपने करीब एक दर्जन परिचितों को पहले से लाइन में लगाकर शुरुआती नंबर दिला दिए, जिसके चलते उन्हें पहले डीएपी मिल गई। वहीं सुबह से कतार में खड़े अन्य किसानों को इंतजार करना पड़ा और कई किसान खाद मिलने की उम्मीद में घंटों धूप में खड़े रहे। किसानों का कहना है कि खेती के महत्वपूर्ण समय में डीएपी की कमी पहले ही परेशानी का कारण बनी हुई है। ऐसे में यदि वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता नहीं रहेगी तो इसका सबसे अधिक नुकसान ईमानदार और छोटे किसानों को उठाना पड़ेगा। किसानों ने जिला प्रशासन और कृषि विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा डीएपी वितरण के लिए पारदर्शी और निष्पक्ष व्यवस्था लागू करने की मांग की है। रिपोर्ट- सुनील कुमार 151044 750
