फास्ट न्यूज इंडिया यूपी हरदोई। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा सोमवार को जारी तबादला सूची में हरदोई के प्रशासनिक ढांचे में अहम बदलाव किए गए हैं। शासन ने जनपद में चार नए उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) की तैनाती की है, जबकि यहां कार्यरत दो एसडीएम का स्थानांतरण अन्य जनपदों एवं विभागों में कर दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार, अवनीश कुमार को लखीमपुर खीरी, रामजनम यादव को बरेली, गुलाबचंद द्वितीय को मिर्जापुर तथा आशुतोष को कुशीनगर से स्थानांतरित कर हरदोई में उप जिलाधिकारी के पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं, हरदोई में तैनात पूनम भास्कर का तबादला बरेली कर दिया गया है, जहां वह उप जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभालेंगी। इसके अलावा गरिमा सिंह को हरदोई से स्थानांतरित कर सहायक निदेशक, स्थानीय निकाय निदेशालय, लखनऊ के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन तबादलों के बाद हरदोई के प्रशासनिक अमले में नए अधिकारियों की आमद होगी। माना जा रहा है कि सभी अधिकारियों के कार्यभार ग्रहण करने के बाद विभिन्न तहसीलों के प्रभार और प्रशासनिक दायित्वों का पुनर्वितरण किया जाएगा। यह तबादला शासन की नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है और संबंधित अधिकारी जल्द ही अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करेंगे। रिपोर्ट - चन्दन यादव 151137475
