खाद्य एवं रसद मंत्री ने लाभार्थियों को अन्त्योदय राशन कार्ड व डेमो गैस सिलेण्डर का किया वितरण
फास्ट न्यूज इंडिया यूपी प्रतापगढ़। तुलसीसदन (हादीहाल) में खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली एवं उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों का सम्मलेन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने दीप प्रज्ज्वलन व माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी डा0 राममोहन मीना, पूर्व विधायक बृजेश मिश्र, राज्यसभा सांसद अमर पाल मौर्य के प्रतिनिधि राय साहब सिंह, भाजपा नेता गिरधारी सिंह, भाजपा नेता शिव प्रकाश मिश्र सेनानी व सिन्धुजा मिश्रा, पर्यावरण सेना के अजय क्रान्तिकारी सहित रजनीश ओझा, जिला पूर्ति अधिकारी अनुभव त्रिवेदी व अन्य सम्भ्रान्त लोग, लाभार्थी आदि उपस्थित रहे। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुँचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के लगभग 80 करोड़ पात्र लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित हो रही है। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों माताओं एवं बहनों को धुएँ से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से राहत मिली है। इस योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क गैस कनेक्शन एवं गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार आया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाकर उसे विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। इस अवसर पर खाद्य एवं रसद मंत्री ने 20 लाभार्थियों को अन्त्योदय कार्ड व प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 10 लाभार्थियों को डेमो गैस सिलेण्डर का वितरण किया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री जी ने लाभार्थियों से संवाद भी स्थापित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने उपस्थित लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे राशन के वितरण में किसी भी प्रकार की घटतौली या अनियमितता नहीं होने दी जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में निर्माणाधीन अन्नपूर्णा भवन क्षेत्र के लिए पोषण (न्यूट्रिशन) केंद्र के रूप में भी कार्य करेंगे। अपने संबोधन के अंत में जिलाधिकारी ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा उपस्थित लाभार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
