वाराणसी । वाराणसी के समनेघाट क्षेत्र स्थित "नमामि गंगा डेयरी" में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति सफलतापूर्वक आज रविवार को प्रारंभ कर दी गई है। यह पहल स्थानीय व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को हरित, आधुनिक एवं निर्बाध ऊर्जा प्रणाली से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। गेल ने बताया कि,समनेघाट स्थित "नमामि गंगा डेयरी" क्षेत्र की एक प्रमुख डेयरी इकाई है, जो विभिन्न प्रकार के दुग्ध उत्पादों के निर्माण एवं विक्रय के लिए जानी जाती है। गेल ने यह भी बताया कि,यह प्रतिष्ठान में प्रतिमाह लगभग (30) एलपीजी सिलेंडरों के समतुल्य गैस की खपत होती है। आपूर्ति प्रारंभ होने के साथ ही डेयरी को निरंतर, सुरक्षित एवं निर्बाध गैस उपलब्ध होगी, जिससे उत्पादन प्रक्रियाएं अधिक सुव्यवस्थित, दक्ष एवं विश्वसनीय बन सकेंगी। वही एलपीजी के स्थान पर पीएनजी के उपयोग से प्रतिमाह लगभग (30) एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी। परिणामस्वरूप ये सिलेंडर अन्य क्षेत्रों एवं उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं के अनुसार स्थानांतरण किया जाएगा। बता दे की इस परियोजना का क्रियान्वन नवाज़िश अली अंसारी, (उप महाप्रबंधक) के देखरेख में किया गया। वही वाराणसी (सीजीडी) परियोजना का संचालन सुशील कुमार (जीएम) के देखरेख में जारी है। गेल (इंडिया) लिमिटेड लगातार वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों जैसे - होटल उद्योग, डेयरी एवं खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, शैक्षणिक संस्थानों तथा अन्य उपभोक्ताओं को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित, भरोसेमंद एवं पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा का लाभ मिल सके। इस दिशा में कंपनी के कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है। कंपनी का मानना है कि जल्द से जल्द शहर के एवं ग्रामीण क्षेत्र के सभी इलाकों को पाइप नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन उपलब्ध होगा ।। रविन्द्र गुप्ता
