वाराणसी, 12 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत विभिन्न सरकारी विभागों, संस्थाओं एवं स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से पौधारोपण महायज्ञ-2026 का आयोजन किया गया। इस महाअभियान का लक्ष्य प्रदेशभर में 35 करोड़ पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण को सुदृढ़ बनाना है। इस महत्त्वपूर्ण अभियान में 11वीं वाहिनी, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, वाराणसी के बचावकर्मियों ने पूरे उत्साह एवं समर्पण के साथ सहभागिता करते हुए उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में स्थानीय प्रशासन एवं वन विभाग के सहयोग से वृहद स्तर पर पौधारोपण किया।
अभियान के अंतर्गत वाराणसी, बहराइच, गोरखपुर एवं बलिया जनपदों में वाहिनी मुख्यालय, क्षेत्रीय प्रतिक्रिया केंद्रों, आवासीय परिसरों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर एनडीआरएफ के बचावकर्मियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया। एनडीआरएफ द्वारा ऐसे जनहित एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को प्रोत्साहित करना तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित पर्यावरण सुनिश्चित करना है।
एनडीआरएफ का यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति उसकी दृढ़ प्रतिबद्धता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रतीक है। ऐसे प्रयास न केवल 'हरित उत्तर प्रदेश' और 'हरित भारत' के निर्माण में सहायक सिद्ध होंगे, बल्कि आमजन को भी पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के प्रति प्रेरित करेंगे ।। रविन्द्र गुप्ता
