वाराणसी ।समाज सेवा, नेतृत्व और महिला सशक्तिकरण के लिए समर्पित रोटरी वृंदा ने आज अपने 19वें अधिष्ठापन समारोह का भव्य आयोजन किया। इस अवसर पर वर्ष 2026-27 के लिए रोटेरियन श्रीमती राधा अग्रवाल ने क्लब की नई अध्यक्ष तथा रोटेरियन रिनु अग्रवाल ने सचिव पद का कार्यभार ग्रहण किया। समारोह में नगर की प्रख्यात साहित्यकार एवं लेखिका श्रीमती नीरजा माधव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके पश्चात् उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया गया, जिनमें पूर्व प्रांतपाल रोटेरियन उत्तम अग्रवाल, रोटेरियन संजय अग्रवाल, रोटेरियन डॉ. आशीष/आशुतोष अग्रवाल, जिला गवर्नर प्रतिनिधि रोटेरियन अनिल जाजोदिया, जिला सचिव रोटेरियन प्रशांत नागर, सहायक प्रांतपाल रोटेरियन अविनाश मेहरोत्रा, रोटेरियन पूर्णिमा सिंह, रोटेरियन राजेश भार्गव तथा रोटेरियन देवाशीष सहित विभिन्न रोटरी क्लबों के अध्यक्ष, सचिव एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
समारोह में निवर्तमान अध्यक्ष रोटेरियन ललिता मोदी ने नई अध्यक्ष राधा अग्रवाल को अध्यक्षीय कॉलर एवं पिन पहनाकर पदभार सौंपा। तत्पश्चात राधा अग्रवाल ने वर्ष 2026-27 की सचिव रोटेरियन रिनु अग्रवाल को सचिवीय पिन पहनाकर नई टीम के गठन की घोषणा की।
अपने उद्बोधन में नवनिर्वाचित अध्यक्ष राधा अग्रवाल ने कहा कि रोटरी वृंदा केवल एक संस्था नहीं, बल्कि सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़ा एक सशक्त परिवार है। लगभग दो दशकों पूर्व स्थापित इस क्लब ने समाज के उन वर्गों तक पहुँचने का सतत प्रयास किया है, जो प्रायः उपेक्षित रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि रोटरी वृंदा आज 70 से अधिक ऊर्जावान और कर्मठ महिलाओं का ऐसा समूह है, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए निरंतर कार्यरत है।
उन्होंने कहा कि जब महिलाएँ एक साझा उद्देश्य के साथ आगे बढ़ती हैं, तो उनका प्रभाव केवल परिवार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे समाज को नई दिशा प्रदान करता है। रोटरी वृंदा शिक्षा, सहानुभूति, नेतृत्व और निःस्वार्थ सेवा का प्रतीक बन चुका है।
अध्यक्ष राधा अग्रवाल ने आगामी रोटरी वर्ष 2026-27 के लिए क्लब की विस्तृत कार्ययोजना भी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि वर्ष भर रक्तदान शिविर, जल कूलर वितरण, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान, नेत्र शिविर, विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता, ऊनी वस्त्र वितरण, योग एवं संगीत कार्यक्रम, सामाजिक परियोजनाएँ, महिला दिवस, तीज, होली एवं दीपावली समारोह, पारिवारिक मिलन तथा विभिन्न सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि रोटरी वृंदा समाज के वंचित वर्गों के उत्थान, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अपनी सेवाओं को और अधिक व्यापक बनाएगा।
मुख्य अतिथि नीरजा माधव ने अपने संबोधन में रोटरी वृंदा द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए महिलाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की कि रोटरी वृंदा आने वाले वर्षों में सेवा और समर्पण के नए आयाम स्थापित करेगा।
कार्यक्रम में रोटेरियनों के परिवारजन एवं उनके जीवनसाथियों की उपस्थिति ने समारोह को और भी गरिमामय बना दिया। उपस्थित सदस्यों ने इस अवसर को रोटरी वृंदा के लिए एक नई शुरुआत और समाज सेवा के प्रति नए संकल्प के रूप में देखा। “Women of Action” की भावना को आत्मसात करते हुए रोटरी वृंदा ने सेवा, नेतृत्व और मानवीय मूल्यों के साथ एक नए रोटरी वर्ष का शुभारंभ किया ।। रविन्द्र गुप्ता
