रामपुर में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी कड़ी में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और जिला चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम ने "ऑपरेशन रक्षा" के तहत विशेष जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में सघन चेकिंग कर बाल श्रम और मानव तस्करी के खिलाफ लोगों को जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक रामपुर के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक तथा नोडल अधिकारी क्षेत्राधिकारी टांडा के पर्यवेक्षण में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और जिला चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम ने थाना सिविल लाइन क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर वहां कार्यरत कर्मचारियों और संचालकों से जानकारी ली गई।
अभियान के दौरान टीम ने मानव तस्करी, अनैतिक देह व्यापार, बाल श्रम तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनों की विस्तृत जानकारी दी। प्रतिष्ठान संचालकों को बताया गया कि 18 वर्ष से कम आयु के किसी भी बच्चे से काम कराना कानूनन अपराध है और ऐसा करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
संयुक्त टीम ने बाल श्रम निषेध एवं विनियमन अधिनियम, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम और मानव तस्करी से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में भी लोगों को जागरूक किया। साथ ही अपील की गई कि यदि कहीं बाल श्रम, मानव तस्करी या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को दें।
रामपुर पुलिस का कहना है कि "ऑपरेशन रक्षा" के तहत ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि बाल श्रम और मानव तस्करी जैसी सामाजिक बुराइयों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो। रिपोट - मुजम्मिल खान 151171378


