उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा टांडा-मुरादाबाद रोड पर उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार ईको कार आगे चल रहे मक्के से लदे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी।
पुलिस के अनुसार, शनिवार 11 जुलाई 2026 को थाना टांडा क्षेत्र में हाजी क्लॉथ हाउस के सामने यह हादसा हुआ। ईको कार में कुल सात लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान कार्तिक, नीरज, गुलबुद्दीन उर्फ सोनू और अभिषेक अग्निहोत्री पुत्र अतुल अग्निहोत्री के रूप में हुई है। वहीं हादसे में विशाल अग्निहोत्री पुत्र अतुल अग्निहोत्री, कमल प्रजापति पुत्र विजय सिंह निवासी बुराड़ी नाथूपुरा डीसीएम कॉलोनी दिल्ली तथा जतिन राठौर निवासी नरेला, दिल्ली गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक रामपुर और अपर पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद दोनों अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
रिपोट - मुजम्मिल खान 151171378
