उत्तर प्रदेश के रामपुर स्थित ग्रीनवुड स्कूल में उस समय अंतरराष्ट्रीय माहौल देखने को मिला, जब ग्रीस की राजदूत अलीकी कौतसोमितोपौलू ने स्कूल का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों से संवाद किया, भारत और ग्रीस के सांस्कृतिक संबंधों पर चर्चा की और स्कूल की व्यवस्था व विद्यार्थियों के अनुशासन की जमकर सराहना की।
ग्रीनवुड स्कूल पहुंचने पर ग्रीस की राजदूत अलीकी कौतसोमितोपौलू का स्कूल के डायरेक्टर शाहिद खान, ज्वाइंट डायरेक्टर समीना खान, उपप्रधानाचार्य शकील अहमद, हेडमिस्ट्रेस परवीन खान, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। राजदूत ने स्कूल परिसर का भ्रमण करते हुए कक्षाओं, पुस्तकालय, कार्यालय और खेल मैदान का अवलोकन किया तथा स्कूल की संरचना और शैक्षणिक वातावरण की प्रशंसा की।
स्कूल के सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राजदूत ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। छात्रों ने भारत-ग्रीस के सांस्कृतिक और राजनीतिक संबंध, शिक्षा व्यवस्था, भाषा, खान-पान और वेशभूषा जैसे विषयों पर उनसे कई सवाल पूछे, जिनका उन्होंने विस्तार से जवाब दिया। राजदूत ने अपने देश के इतिहास और भूगोल की भी जानकारी छात्रों के साथ साझा की।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं इंटैक रुहेलखंड चैप्टर के कन्वीनर नवाब काज़िम अली खान ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ऐसे संवादों को ज्ञानवर्धक बताया। राजदूत ने छात्रों के अनुशासन, उनके ज्ञान और देश के प्रति जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे विद्यार्थी भविष्य में भारत का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में स्कूल के डायरेक्टर शाहिद खान और ज्वाइंट डायरेक्टर समीना खान ने ग्रीस की राजदूत का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन उलिया हक़ और राहिमा रहमान ने किया। इस अवसर पर सुष्मिता आदित्य, फिरोज हैदर, शिल्पी अरोड़ा, मनदीप सिंह, मुदित शर्मा, एहतेराम अली, मुर्तजा अली, उबैद रवान, अब्दुल हमीद सहित स्कूल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। रिपोट - मुजम्मिल खान 151171378

