फ़ास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी प्रतापगढ़। जनसंख्या स्थिरीकरण एवं परिवार कल्याण कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से शुक्रवार, 10 जुलाई 2026 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) की अध्यक्षता में अंतरविभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 11 से 18 जुलाई तक आयोजित होने वाले जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि पखवाड़े के दौरान परिवार कल्याण सेवाओं का लाभ प्रत्येक पात्र दंपति तक पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी चिकित्सा अधीक्षकों, प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधकों, आशा संगिनियों, आशा कार्यकर्ताओं एवं एएनएम को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रत्येक विकास खंड को कम से कम दो पुरुष नसबंदी कराने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए इसे हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही महिला एवं पुरुष दोनों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करने और स्थायी एवं अस्थायी साधनों को अपनाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया गया। सीएमओ ने सभी आशा एवं एएनएम को निर्देशित किया कि वे अंतरा इंजेक्शन, आईयूसीडी (कॉपर-टी) तथा प्रसव पश्चात परिवार कल्याण (PPFP) जैसी सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक लाभार्थी को उचित परामर्श देकर उनकी आवश्यकता के अनुरूप परिवार नियोजन सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। बैठक में GP-DVDMS पोर्टल के माध्यम से परिवार नियोजन सामग्री का समय पर इंडेंट एवं इश्यू टू क्लाइंट करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सभी विकास खंडों को प्रतिदिन शाम 4 बजे तक WPD डेली रिपोर्टिंग अनिवार्य रूप से भेजने के लिए कहा गया, ताकि अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जा सके। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि जनसंख्या स्थिरीकरण केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता से जुड़ा अभियान है। सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि परिवार कल्याण कार्यक्रम का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके और जनपद में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार हो। बैठक में परिवार कल्याण कार्यक्रम से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। रिपोर्ट विशाल रावत 151019049
