फास्ट न्यूज़ इंडिया यूपी बुलंदशहर। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से कार सवार एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में 13 वर्षीय किशोरी की हालत चिंताजनक होने पर उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। पीड़ित पक्ष ने ट्रक चालक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम गोधना निवासी त्रिवेंद्र सिंह चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका भाई देशराज सिंह, भाभी पूनम देवी, भतीजे नीतिक चौहान व वैभव चौहान, तथा कोमल चौहान 7 जुलाई को एक शादी में शामिल होने के लिए बेहजोई गए थे। अगले दिन 8 जुलाई को शादी समारोह से वापस आते समय सुबह लगभग 6 बजे खालौर स्टेडियम के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयंकर था कि कार के परखच्चे उड़ गए और हादसे में कार सवार सभी लोग घायल हो गए।
घायलों को पहले सीएचसी जहांगीराबाद ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल बुलंदशहर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने 13 वर्षीय कोमल चौहान की गंभीर हालत को देखते हुए उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर भेज दिया। वहीं देशराज सिंह और पूनम देवी को बुलन्दशहर के एक निजी अस्पताल में तथा नीतिक व वैभव चौहान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट - सुनील कुमार 151044 750
