मेरठ में शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस लाठीचार्ज एवं अधिवक्ता के साथ अभद्र व्यवहार के मामले में आजाद अधिकार सेना ने एसएसपी मेरठ के विरुद्ध उच्चस्तरीय जांच एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है।
आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय संगठन मंत्री देवेन्द्र सिंह राणा ने मेरठ कलक्ट्रेट परिसर में 08 जुलाई 2026 को दलित समाज द्वारा ललिता गौतम हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर आयोजित शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज तथा हिरासत में लिए गए एक अधिवक्ता के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मेरठ, श्री अविनाश पांडे द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने के मामले पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।
देवेन्द्र सिंह राणा ने कहा कि सोशल मीडिया एवं विभिन्न समाचार माध्यमों पर प्रसारित वीडियो में प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा बल प्रयोग और लाठीचार्ज दिखाई दे रहा है। साथ ही वायरल वीडियो में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मेरठ द्वारा पुलिस वाहन में बैठे एक अधिवक्ता को थप्पड़ मारते हुए भी देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि वीडियो वास्तविक है, तो यह पुलिस की गरिमा, कानून के शासन तथा नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है और इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण एवं कानूनसम्मत तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार प्राप्त है। न्याय की मांग कर रहे लोगों पर बल प्रयोग तथा अधिवक्ता के साथ दुर्व्यवहार जैसी घटनाएं अत्यंत गंभीर हैं और इनकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
आजाद अधिकार सेना ने इस मामले में पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश, माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश, मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश, अपर मुख्य सचिव (गृह), आयुक्त मेरठ मंडल, अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ रेंज, जिलाधिकारी मेरठ, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग तथा उत्तर प्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग को विस्तृत शिकायत भेजकर उच्चस्तरीय जांच एवं कठोर कार्रवाई की मांग की है।
संगठन ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल वीडियो एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखते हुए उनकी वैज्ञानिक जांच कराई जाए। यदि जांच में किसी भी अधिकारी अथवा पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी सिद्ध होती है तो उसके विरुद्ध कठोर विभागीय एवं विधिक कार्रवाई की जाए। साथ ही घायल एवं प्रभावित व्यक्तियों को उचित राहत प्रदान की जाए तथा ललिता गौतम हत्याकांड की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित करते हुए शेष आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाए।
देवेन्द्र सिंह राणा ने कहा कि आजाद अधिकार सेना कानून के शासन, मानवाधिकारों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की पक्षधर है। संगठन ने स्पष्ट किया कि इस पूरे प्रकरण में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति या अधिकारी के विरुद्ध निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे जनता का कानून और प्रशासन पर विश्वास बना रहे। रिपोर्ट नंद किशोर शर्मा 151170853
