फास्ट न्यूज इंडिया मध्यप्रदेश आलीराजपुर। जनगणना-2027 के अंतर्गत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (डीसीएचबी) तैयार करने के संबंध में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर नीतू माथुर ने की। प्रशिक्षण में जनगणना कार्य निदेशालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार राजस्व ग्राम एवं नगर निर्देशिका से संबंधित आंकड़ों के संकलन, सत्यापन, संचयन तथा डीसीएचबी पोर्टल एवं मोबाइल एप पर डेटा प्रविष्टि की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य चार्ज अधिकारियों एवं क्षेत्र पदाधिकारियों को जनगणना-2027 के कार्यों के प्रभावी, समयबद्ध एवं त्रुटिरहित क्रियान्वयन के लिए प्रशिक्षित करना था। प्रशिक्षक सिद्धार्थ गोयल ने डीसीएचबी के विभिन्न घटकों, आंकड़ों के संकलन एवं संधारण, पोर्टल और मोबाइल एप के उपयोग, डेटा की शुद्धता तथा निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण जानकारी अपलोड करने की प्रक्रिया पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों की शंकाओं का समाधान करते हुए कार्य के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों से भी अवगत कराया। कार्यक्रम में तहसीलदार सुनील राणा, जिला सांख्यिकी अधिकारी तारिणी जौहरी, जिला प्रभारी (जनगणना) राजकुमार सहित संबंधित विभागों के चार्ज अधिकारी एवं क्षेत्र पदाधिकारी उपस्थित रहे। पायल बघेल
