फास्ट न्यूज इंडिया मध्यप्रदेश आलीराजपुर। जिले की होनहार निशानेबाज कुमारी वेदिका महेश पटेल ने 29वीं एम.पी. स्टेट .22 राइफल शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए अलीराजपुर का नाम प्रदेशभर में रोशन किया है। इंदौर स्थित बीएसएफ रेवती रेंज में आयोजित प्रतियोगिता में वेदिका ने व्यक्तिगत स्पर्धा में लगातार तीन रजत पदक और टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि हासिल की। वेदिका ने यूथ, जूनियर और सीनियर तीनों व्यक्तिगत वर्गों में रजत पदक अपने नाम किए, जबकि टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। खास बात यह रही कि उन्होंने यह सफलता नियमित प्रशिक्षण और खेल अकादमी की सुविधाओं के अभाव में हासिल की। जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग की अधिकारी संतरा निनामा ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी विभाग की अकादमी से नियमित प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं, जबकि वेदिका ने सीमित संसाधनों के बावजूद द्वितीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि यदि वेदिका को उच्चस्तरीय और नियमित प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए तो वह राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन कर सकती हैं। वेदिका की इस उल्लेखनीय सफलता पर जिले की प्रभारी मंत्री संपत्तिया उइके, कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान, सांसद अनीता नागर सिंह चौहान, जोबट विधायक सेना महेश पटेल, कलेक्टर नीतू माथुर, पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह, जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग की अधिकारी संतरा निनामा सहित जिले के खेल प्रेमियों एवं खिलाड़ियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। पायल बघेल
